Best Places Near Bangalore For One Day Trip: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु एक महत्वपूर्ण और आकर्षक शहर के रूप में जाना जाता है। बेंगलुरु को कई उपनामों से पुकारा जाता है, जैसे- भारत की सिलिकॉन वैली और आईटी उद्योग का केंद्र।
बेंगलुरु दक्षिण भारत का एक ऐसा शहर है जहां का मौसम साल भर सुखद और आनंददायक बना रहता है। इसी कारण, देश के हर कोने से पर्यटक यहां घूमने के लिए आते रहते हैं।
यह सही है कि बेंगलुरु में घूमने के लिए कई बेहतरीन और ऐतिहासिक स्थल हैं, लेकिन इस शहर के आसपास भी कई अद्वितीय और मनोरम स्थान मौजूद हैं, जहां जाकर आप खुद को तरोताजा महसूस करेंगे।
इस लेख में हम आपको बेंगलुरु के आसपास स्थित कुछ अद्भुत स्थानों के बारे में बताएंगे, जिन्हें आप एक दिन की यात्रा में खोज सकते हैं।
नंदी हिल्स (Nandi Hills)

अगर आप बेंगलुरु से निकलकर किसी सुंदर स्वर्ग का अनुभव करना चाहते हैं, तो एक दिन की यात्रा में नंदी हिल्स जरूर जाना चाहिए। यह कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर जिले का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है। यह हिल स्टेशन समुद्र तल से लगभग 1,000 मीटर से अधिक ऊंचाई पर स्थित है, जो अपने ऐतिहासिक महत्व और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध है। यहां आप टीपू ड्रॉप, टीपू सुल्तान का किला, और चन्नापुरा जलप्रपात जैसी बेहतरीन जगहों का आनंद ले सकते हैं। इसके अलावा, यहां पैराग्लाइडिंग का भी मजा लिया जा सकता है।
दूरी: बेंगलुरु से नंदी हिल्स लगभग 60 किमी दूर है।
देवरायणदुर्गा (Devarayanadurga)

कर्नाटक के तुमकुरु जिले में स्थित देवरायणदुर्गा एक पहाड़ी क्षेत्र है। इसकी ऊँचाई और सुंदरता के कारण इसे कई लोग हिल स्टेशन भी कहते हैं। बेंगलुरु से वीकेंड पर यहाँ दर्जनों पर्यटक पिकनिक के लिए आते हैं। देवरायणदुर्गा अपनी प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ धार्मिक मंदिरों के लिए भी प्रसिद्ध है। पहाड़ी के शीर्ष पर कई पुराने और पवित्र मंदिर मौजूद हैं, जिनमें योगनरसिंह और भोगनरसिंह मंदिर प्रमुख हैं। यहां से पहाड़ियों का अद्भुत दृश्य देखने के साथ फोटोग्राफी का आनंद भी लिया जा सकता है।
दूरी – बेंगलुरु से देवरायणदुर्गा की दूरी लगभग 73 किलोमीटर है।
स्कंदगिरी (Skandagiri)

समुद्र तल से करीब 4,000 फीट की ऊँचाई पर स्थित स्कंदगिरि कर्नाटक का एक सुंदर और लोकप्रिय हिल स्टेशन है। बेंगलुरु के नजदीक होने के कारण, हर वीकेंड यहां हजारों पर्यटक पिकनिक मनाने के लिए पहुंचते हैं। स्कंदगिरि को नदी हिल्स से घिरा हुआ बताया जाता है, और सर्दियों में यहां की हरियाली देखने योग्य होती है। यह जगह साहसिक गतिविधियों के प्रेमियों के बीच भी प्रसिद्ध है, जहां वीकेंड पर लोग ट्रैकिंग, हाईकिंग और कैम्पिंग का आनंद लेने आते हैं।
दूरी – बेंगलुरु से स्कंदगिरी की दूरी लगभग 61 किलोमीटर है।
कोक्कारे बेल्लूर बर्ड सैंक्चुअरी (Kokkare Bellur Bird Sanctuary)


अगर आप बेंगलुरु की हलचल से दूर शांति और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेना चाहते हैं, तो कोक्कारे बेल्लूर बर्ड सैंक्चुअरी एक बेहतरीन विकल्प है। यह कर्नाटक के मांड्या जिले में स्थित है, और विशेष रूप से सर्दियों में यहाँ हरियाली और प्रवासी पक्षियों की चहचहाहट आपको मंत्रमुग्ध कर देगी। यह सैंक्चुअरी प्रवासी पक्षियों का महत्वपूर्ण आवास है, और आप यहां जंगल सफारी का आनंद भी ले सकते हैं।
घूमने का सबसे अच्छा समय नवंबर से जून के बीच है।
बेंगलुरु से दूरी: कोक्कारे बेल्लूर बर्ड सैंक्चुअरी बेंगलुरु से लगभग 87 किमी दूर है।
इन जगहों को भी एक्सप्लोर करें
इसके अलावा, एक दिन की यात्रा में आप बेंगलुरु के आसपास कई अन्य आकर्षक स्थान भी देख सकते हैं, जैसे 143 किमी दूर मैसूर, 160 किमी की दूरी पर होर्सले हिल्स, और करीब 52 किमी दूर शिवगंगे हिल्स।
अगर यह जानकारी आपको पसंद आई हो, तो इसे फेसबुक पर शेयर करें और ऐसी ही अन्य जानकारियों के लिए जुड़े रहें ।
आप हमें किसी अन्य विषय या स्थान के बारे में सुझाव दे सकते हैं और अपना प्रश्न हमें कमेंट करके बता सकते हैं। और अगर आपके पास भी ऐसी ही कोई कहानी है तो आप हमें भेज सकते हैं।