अगर आप इस बार ब्रज की मशहूर होली का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो पहले से अच्छी तरह प्लानिंग करके ही मथुरा जाएं। यहां हम आपको बताएंगे कि होली के दौरान मथुरा जाने की सही योजना कैसे बनाएं।
Braj ki Holi 2025 :- ब्रज की होली दुनिया की सबसे अनोखी और भव्य होली मानी जाती है। यहां हर गली, मंदिर और चौक रंगों और भक्ति से सराबोर नजर आते हैं। यही कारण है कि हर साल हजारों श्रद्धालु और सैलानी इस रंग-बिरंगे उत्सव में शामिल होने आते हैं। मथुरा, वृंदावन, बरसाना, नंदगांव, गोकुल और गोवर्धन में होली का जश्न कई दिनों पहले ही शुरू हो जाता है, और हर जगह इसे अलग अंदाज में मनाया जाता है।
हर दिन अलग-अलग जगहों पर होली के अलग-अलग आयोजन होते हैं, जैसे कि बरसाना की लट्ठमार होली, नंदगांव की होली और मथुरा की होली, जो दुनियाभर में मशहूर हैं। अगर आप कृष्ण भक्ति और आध्यात्मिक आनंद को करीब से महसूस करना चाहते हैं, तो इस बार ब्रज की होली का हिस्सा जरूर बनें। यहां हम आपको ब्रज में होली के दौरान ट्रिप प्लान करने के कुछ जरूरी टिप्स देंगे, ताकि आपकी यात्रा सुगम और यादगार बन सके।

मथुरा कैसे पहुंचे ?
अगर आप ब्रज में होली खेलने जाना चाहते हैं, तो सबसे पहले मथुरा पहुंचने का तरीका जानना जरूरी है। मथुरा जाने के लिए आपको दिल्ली और आगरा, दोनों जगहों से सीधा सफर करने के विकल्प मिल जाएंगे।
दिल्ली से मथुरा का सफर:
दिल्ली से मथुरा की दूरी करीब 183 किलोमीटर है, जिसे यमुना एक्सप्रेसवे के ज़रिए ढाई से तीन घंटे में तय किया जा सकता है। दिल्ली से मथुरा के लिए नियमित बस सेवाएं उपलब्ध हैं, जिनका किराया 200 रुपये से कम रहता है। इसके अलावा, दिल्ली से मथुरा के लिए कई ट्रेनें भी चलती हैं, जिनमें से आप अपनी सुविधा के अनुसार टिकट बुक कर सकते हैं।
आगरा से मथुरा कैसे जाएं?
अगर आप आगरा से मथुरा जाना चाहते हैं, तो यह सफर और भी आसान है। आगरा से मथुरा की दूरी मात्र 56 किलोमीटर है। यहां से हर समय बसें मिल जाती हैं, जिनमें सफर करके आप आराम से मथुरा पहुंच सकते हैं। सरकारी बसों का किराया भी किफायती होता है, जिससे बजट में यात्रा करना आसान हो जाता है।

कहां ठहरें ?
अगर आप ब्रज में होली खेलने जा रहे हैं, तो सबसे पहले अपने ठहरने की व्यवस्था कर लें। इस समय यहां होटल और धर्मशालाएं पूरी तरह से भरी होती हैं, और अगर कोई जगह खाली मिलती भी है, तो उसके किराए बहुत ज्यादा होते हैं। इसलिए बेहतर होगा कि आप पहले से ही होटल, गेस्ट हाउस या धर्मशाला में अपना कमरा बुक करा लें।
अगर आप कम बजट में रहना चाहते हैं, तो 500 से 1000 रुपये प्रति रात में आपको अच्छा कमरा मिल सकता है। वहीं, धर्मशालाओं और गेस्ट हाउस में आपको 200 से 500 रुपये में भी रुकने की सुविधा मिल सकती है।

कैसे घूमें
मथुरा की गलियां काफी संकरी हैं, इसलिए हर जगह ऑटो, टैक्सी या कार से जाना आसान नहीं है। घूमने के लिए सबसे अच्छा तरीका है कि आप स्कूटी किराए पर ले लें। इससे कम खर्च में आप मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोकुल और गोवर्धन जैसी जगहों तक आसानी से पहुंच सकते हैं।
अगर आप परिवार के साथ हैं, तो पूरे दिन के लिए एक लोकल ऑटो बुक कर लें। इससे आपको बार-बार ऑटो बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी और पैसे भी बचेंगे। बार-बार नया ऑटो लेने से आपका खर्च ज्यादा हो सकता है।

खानपान और अन्य खर्चे
ब्रज में खाना-पीना ज्यादा महंगा नहीं है। यहां के लोकल ढाबों और भोजनालयों में एक व्यक्ति का खाना लगभग 100 से 300 रुपये तक में मिल सकता है। खाने-पीने का खर्च पूरी तरह आपकी पसंद पर निर्भर करता है। अगर आप छोटे ढाबों या स्थानीय खाने की जगहों पर खाना खाएंगे, तो न सिर्फ स्वादिष्ट भोजन मिलेगा, बल्कि आपका बजट भी संतुलित रहेगा।

कुल अनुमानित खर्च
दिल्ली से मथुरा-बरसाना की दो दिन की यात्रा का खर्च प्रति व्यक्ति करीब 2000 से 5000 रुपये तक हो सकता है। इसमें यात्रा, ठहरने, खाने-पीने और स्थानीय घूमने-फिरने का खर्च शामिल है। खर्च आपकी पसंद और सुविधाओं के अनुसार कम-ज्यादा हो सकता है। तो देर किस बात की? बैग पैक करें और ब्रज में होली खेलने निकल पड़ें!
मथुरा और बरसाना की होली का अनुभव यादगार होता है। सही प्लानिंग और तैयारी के साथ आप इस रंगों के महोत्सव का भरपूर आनंद उठा सकते हैं।