अगर आप इस बार ब्रज में होली खेलने का सोच रहे हैं, तो अपनी त्वचा और बालों की पहले से देखभाल करें, क्योंकि यहां के रंग काफी पक्के होते हैं।

Braj Ki Holi 2025 : ब्रज में होली खेलने जा रहे हैं तो खासतौर पर रखें अपनी त्वचा और बालों का ध्यान, ये तरीके अपनाएं होली का त्योहार पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाता है, लेकिन अगर आप वाकई रंगों में सराबोर होना चाहते हैं, तो ब्रज की होली सबसे खास है। यहां होली का जश्न 40 दिनों तक चलता है और इसकी शुरुआत बसंत पंचमी से हो जाती है। इस दौरान लोग सिर्फ रंगों से ही नहीं, बल्कि लठमार होली और फूलों की होली का भी मजा लेते हैं। दूर-दूर से लोग इस अनोखी होली का हिस्सा बनने ब्रज पहुंचते हैं।
अगर आप भी ब्रज में होली खेलने का मन बना रहे हैं, तो अपनी त्वचा और बालों की पहले से अच्छी देखभाल करें। क्योंकि यहां इस्तेमाल होने वाले रंग पक्के होते हैं, जो त्वचा और बालों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। हम आपको ब्रज की होली का पूरा शेड्यूल बताएंगे और यह भी समझाएंगे कि अपनी त्वचा और बालों को इसके लिए कैसे तैयार करें।

ये है पूरा शेड्यूल
- 28 फरवरी 2025 बरसाना के श्रीराधारानी मंदिर में रंगोत्सव
- 7 मार्च 2025 राधारानी मंदिर में लड्डूमार होली के साथ नंदगांव में फाग आमंत्रण उत्सव होगा।
- 8 मार्च 2025 बरसाना में लठ्ठमार होली
- 10 मार्च 2025 बांके बिहारी मंदिर और श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर होली
- 11 मार्च 2025 द्वारकाधीश मंदिर, गोकुल के रमणरेती मंदिर में होली
- 13 मार्च 2025 होलिका दहन
- 14 मार्च 2025 पूरे ब्रज में रंगों की होली
- 15 मार्च 2025 बलदेव में दाऊजी का हुरंगा
- 16 मार्च 2025 नंदगांव के हुरंगा
- 22 मार्च 2025 वृंदावन के रंगनाथ जी मंदिर में हुरंगा

होली खेलने से पहले त्वचा को करें तैयार
अगर आप ब्रज में होली खेलने जा रहे हैं, तो बाहर जाने से पहले अपने चेहरे, हाथ, पैर और गर्दन पर नारियल या सरसों का तेल अच्छे से लगा लें। इससे रंग आपकी त्वचा में नहीं चिपकेगा और आसानी से धुल जाएगा। कानों के पीछे और होंठों पर पेट्रोलियम जेली जरूर लगाएं, ताकि रंग ज्यादा देर तक ना टिके।
होली खेलते समय आपको धूप में रहना पड़ सकता है, इसलिए पहले से ही सनस्क्रीन लगाना न भूलें, ताकि तेज धूप से आपकी त्वचा सुरक्षित रहे। नाखूनों पर गहरे रंग की नेल पॉलिश लगाएं और उनके अंदर वैसलीन लगाएं, जिससे रंग नाखूनों में न समाए।

ऐसे करें बालों को सुरक्षित
अगर आप अपने बालों का ध्यान नहीं रखेंगे, तो रंगों की वजह से बाल झड़ सकते हैं और रूखे-बेजान दिख सकते हैं।

इससे बचने के लिए, होली खेलने से पहले बालों में बादाम, जैतून या नारियल तेल लगाएं, ताकि रंग गहराई से न जमे। हो सके तो बालों को रूमाल, टोपी या किसी हल्के कपड़े से ढक लें, जिससे रंग सीधे बालों पर न लगे। साथ ही, बालों को खुला छोड़ने की बजाय बांधकर रखें, ताकि नुकसान कम हो।